मरीजों को समय पर समुचित उपचार सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश
अधोसंरचना विकास,उपकरण मेंटेनेंस एवं भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
कोरबा, 20 दिसंबर 2025। जिले में पदस्थापना के दूसरे दिन ही नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में सक्रियता दिखाई।
आज सुबह उन्होंने स्व. बिसाहूदास महंत स्मृति मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया तथा लगभग दो घंटे तक विभिन्न विभागों का जायजा लिया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने अस्पताल में प्रवेश करते ही पंजीयन कक्ष एवं इमरजेंसी सेवा क्षेत्र में चिकित्सकों के नाम, मोबाइल नंबर तथा शासकीय सुविधाओं की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार, दवाइयां, आयुष्मान कार्ड सुविधा, भोजन की गुणवत्ता एवं समयबद्धता की जानकारी ली तथा संतोष जाहिर किया।







पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में बच्चों के मनोरंजन हेतु टीवी बंद होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे तत्काल चालू करने, दाल-सब्जी की गुणवत्ता सुधारने तथा भर्ती बच्चों के वजन में सुधार की जानकारी लेने के बाद अव्यवस्थाओं पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सेंट्रल किचन में मरीजों के भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर ने आपातकालीन सेवा, शिशु वार्ड, महिला-पुरुष वार्ड, बर्न यूनिट, डायलिसिस सेंटर, ऑपरेशन थियेटर, सोनोग्राफी, मनोरोग, गायनिक, नेत्र विभाग, ओपीडी, एसएनसीयू, ट्रामा सेंटर, हमर लैब तथा स्टोर रूम सहित सभी प्रमुख विभागों का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था बेहतर रखने, आपातकालीन मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
खराब उपकरणों की वार्षिक मेंटेनेंस से मरम्मत, बारिश में छत से पानी रिसाव रोकने हेतु पीडब्ल्यूडी से मरम्मत, अनुपयोगी सामग्री हटाने, लिफ्ट-रैम्प-एसी निर्माण शीघ्र पूर्ण करने, सीपेज-ड्रेनेज समस्या दूर करने तथा पार्किंग हेतु एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए। ओपीडी में आभा एप से पंजीयन, हमर लैब में ऑनलाइन रिपोर्टिंग तथा मनोरोग विभाग में उचित परामर्श एवं अभिलेख संधारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा भविष्य में अधोसंरचना विस्तार एवं आवश्यक उपकरणों के लिए सभी विभागों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जॉइंट डायरेक्टर डॉ. गोपाल सिंह, डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डी.एस. पटेल, सीएमएचओ डॉ. सी.के. सिंह, प्रशासनिक अधिकारी अशोक महिपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















