घासीदास जयंती पर भव्य शोभायात्रा: शहर हुआ सतनाम मय, शक्ति और संस्कृति का दिखा अनोखा संगम

कोरबा। ‘सत्य ही मानव का आभूषण है’ के पावन संदेश के साथ बुधवार को कोरबा शहर पूरी तरह सतनाम मय हो गया।

कोरबा सतनामी कल्याण समिति द्वारा आयोजित बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती (गुरु पर्व) के अवसर पर 17 दिसंबर को एक ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

शोभायात्रा में शक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। यह भव्य यात्रा सीतामणी जैतखाम से शुरू होकर सतनाम प्रांगण, टी.पी. नगर तक पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न आकर्षणों ने पूरे शहर का ध्यान खींचा। डीजे पर आधारित लेजर लाइट शो ने समां बांध दिया, जबकि पंथी दलों ने पारंपरिक कला और कर्मा नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। शौर्य प्रदर्शन, आकर्षक झांकियां और भव्य आतिशबाजी इस शोभायात्रा के मुख्य आकर्षण रहे।

शोभायात्रा की सफलता के बाद गुरु घासीदास जी की जयंती स्टेडियम स्थित सामाजिक भवन में धूमधाम से मनाई गई।

समिति ने यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी समाजजनों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

कोरबा शहर के अलावा औद्योगिक क्षेत्र दीपका, गेवरा, कुसमुंडा, हरदीबाजार, दर्री, बरपाली, रामपुर, पसान, पोड़ी-उपरोड़ा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी गुरु घासीदास जयंती बड़े उत्साह से मनाई जा रही है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जैतखाम स्तंभों पर विधि-विधान से पूजा-पाठ और पंथी नृत्य का आयोजन किया गया।