पाली में अवैध धान भंडारण पर छापा, ग्राम बकसाही से 95.20 क्विंटल धान जब्त

कोरबा। जिला कलेक्टर एवं दंडाधिकारी के निर्देश पर अवैध धान भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पाली तहसील क्षेत्र में प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाली के मार्गदर्शन में तहसीलदार भूषण सिंह मंडावी, खाद्य निरीक्षक रवि राज और राजस्व निरीक्षक कन्हैया की संयुक्त टीम ने ग्राम बकसाही में छापेमारी कर अवैध रूप से संग्रहित धान जब्त किया।

जांच के दौरान व्यापारी सतीष जायसवाल की दुकान से 143 बोरी धान, कुल वजन 57.20 क्विंटल तथा व्यापारी कृष्ण जायसवाल की दुकान से 95 बोरी धान, कुल वजन 38.00 क्विंटल अवैध रूप से भंडारित पाया गया।

नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 238 बोरियों में भरे 95.20 क्विंटल धान को जब्त कर लिया गया है। दोनों व्यापारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अवैध भंडारण,परिवहन और खरीदी- बिक्री पर ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।