आजाद हिंद एक्सप्रेस के जनरल कोच में लगी आग, यात्रियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

रायगढ़। पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12129) के एक जनरल कोच में बुधवार रात अचानक आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया।

घटना भूपदेवपुर-किरोड़ीमल नगर सेक्शन में हुई, जब ट्रेन रायगढ़ स्टेशन से पहले अपनी नियमित गति से चल रही थी।
सूचना के अनुसार, इंजन से तीसरे जनरल कोच में घना धुआं उठता देख यात्रियों ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए और गनीमत रही कि कोई जनहानि या चोट नहीं हुई। ट्रेन में तैनात टीटीई चंचल कुमार ने सबसे पहले कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन शाम 7:41 बजे पोल संख्या 599/21 के पास रोकी गई।

ट्रेन के एसी मैकेनिक, गार्ड और लोको पायलट ने अग्निशामक यंत्रों से आग पर काबू पा लिया।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि कोच में रखे कागजों में आग लगी थी, लेकिन शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी नहीं मिली। अधिकारियों ने आशंका जताई कि किसी यात्री द्वारा जलती बीड़ी या सिगरेट फेंकने से यह हादसा हुआ होगा।

यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई सामने नहीं आया।

रेलवे प्रशासन ने चलती ट्रेन में धूम्रपान न करने की अपील की है। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को रात 8:23 बजे रवाना किया गया। रायगढ़ स्टेशन पर एसएसई और विद्युत स्टाफ ने कोच की जांच की और रात 9 बजे ट्रेन को आगे भेज दिया।

रेलवे ने कहा कि यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।

इस प्रमुख ट्रेन में रोजाना हजारों यात्री सफर करते हैं, और इस बार समय रहते कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया।