विश्व एड्स दिवस: छात्रों ने नुक्कड़ नाटक से तोड़ी एड्स पर भ्रांतियां, सैकड़ों लोग हुए जागरूक

कोरबा। विश्व एड्स दिवस पर कटघोरा के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने कमाल कर दिखाया। स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में छात्र-छात्राओं ने जोरदार नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को HIV/AIDS के बारे में सही जानकारी दी और समाज में फैली भ्रांतियों को दूर किया।

नाटक के जरिए बताया गया कि एड्स छूने, बात करने, एक साथ खाना खाने या मच्छर के काटने से नहीं फैलता।

सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच और इलाज से इस बीमारी को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है। छात्रों ने कंडोम के उपयोग, सुई की स्वच्छता और ब्लड ट्रांसफ्यूजन की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी बेबाकी से जागरूक किया।

कार्यक्रम में स्कूल प्रधानाचार्य और शिक्षकों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक मौजूद रहे। छात्रों की इस पहल की हर तरफ सराहना हो रही है। लोगों ने कहा कि बच्चों के नाटक ने वो बात समझा दी, जो बड़े-बड़े लेक्चर नहीं समझा पाते।