कोरबा की बेटी संजू देवी बनी विश्व कप की शान; मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर बनने के बाद महापौर से की मुलाकात,जिले की बेटियों के लिए बनी प्रेरणा

कोरबा। महिला कबड्डी विश्व कप 2025 में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) का खिताब जीतकर देश और प्रदेश का मान बढ़ाने वाली कोरबा की होनहार खिलाड़ी संजू देवी मंगलवार शाम 6 बजे कोरबा नगर निगम कार्यालय पहुँचीं। यहाँ उन्होंने कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत से सौजन्य मुलाकात की। महापौर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

बैठक के दौरान महापौर ने संजू देवी से उनके खेल जीवन, संघर्ष, परिवार और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।

संजू देवी ने बताया कि वे कोरबा जिले के पाली ब्लॉक के केराकछार गांव की निवासी हैं। उनके परिवार में एक छोटा भाई है। स्कूल समय से ही कबड्डी खेलना शुरू किया और कोरबा में वर्षों तक प्रशिक्षण लेकर अपनी प्रतिभा को निखारा। आगे चलकर बिलासपुर टीम से खेलते हुए उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि पहली बार कोरबा जिले की किसी महिला खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर इतना बड़ा मुकाम हासिल किया है।

उन्होंने संजू के अनुशासन, मेहनत और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह प्रदर्शन जिले की सभी बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि संजू देवी भविष्य में भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।

विश्व कप में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन कर MVP बनी संजू देवी ने भी महापौर और कोरबा वासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि“छोटे से गांव से लेकर विश्व मंच तक की मेरी यात्रा में कोरबा ने मेरी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह उपलब्धि सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि पूरे जिले की है।”

मुलाकात के दौरान  मनोज मिश्रा, कोरबा मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, पार्षद दिनेश वैष्णव, सचिन तिवारी, मनोज सिंह राजपूत सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभी ने संजू देवी को विश्व कप के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।