कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती इलाके में रविवार देर रात गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। दो युवकों ने 24 वर्षीय लकी दावड़ा पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें उसके सिर, गले और कंधे पर गंभीर चोटें आईं।
हमला इतना खतरनाक था कि लकी की जान पर बन आई।
लकी दावड़ा ने बताया कि वह अपनी एक्टिवा से कहीं जा रहा था। रास्ते में उसने गाड़ी साइड में रोकी तो पीछे से एक्टिवा पर आए रेहान खान और उसके साथी ने उसे अभद्रता की। “तेरा बाप का रोड है क्या, किनारे हट” कहते हुए दोनों ने गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर रेहान और उसके साथी ने रॉड निकाली और लकी पर लगातार वार करने लगे।
आसपास काफी लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी बीच-बचाव करने आगे नहीं आया। किसी तरह जान बचाकर लकी वहाँ से भागा और सीधे कोतवाली थाना पहुंचा। पुलिस ने उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी स्थिर लेकिन गंभीर है।
पुलिस ने लकी की शिकायत पर रेहान खान और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ धारा 294, 323, 325, 506 और 307 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है।
कोरबा शहर में लगातार बढ़ रही मारपीट और प्राणघातक हमलों की घटनाओं को देखते हुए लोगों में रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई और नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाने की जरूरत है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

