एसईसीएल के ड्रोन सर्वे पर भड़के हरदीबाजार के ग्रामीण; थाना परिसर का घेराव कर जताया विरोध, ग्राम सभा की अनुमति तक सर्वे रोकने की चेतावनी

कोरबा। कोरबा-पश्चिम स्थित हरदीबाजार ग्राम पंचायत में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) दीपका प्रबंधन द्वारा थाना परिसर से कराए जा रहे ड्रोन सर्वे के खिलाफ ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और समाजिक प्रतिनिधियों ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने घंटों तक थाना परिसर का घेराव किया और “ड्रोन सर्वे बंद करो” के नारे लगाते हुए कार्यवाही को तत्काल रोकने की मांग रखी।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह ड्रोन सर्वे ग्राम सभा की अनुमति और ग्रामीणों की सहमति के बिना गुपचुप तरीके से कराया जा रहा है, जो उन्हें असंवैधानिक और अवैध लगता है। इस विरोध को लेकर ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम), पाली को लिखित शिकायत भी सौंपी है।

ग्रामीणों की मुख्य आपत्तियाँ

  1. ग्राम सभा की अवहेलना
    एसईसीएल ने बिना ग्राम सभा की अनुमति लिए सर्वे प्रारंभ किया, जिसे ग्रामीणों ने नियमों का उल्लंघन बताया।
  2. अधिकारों का हनन
    भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास जैसे मुद्दों का समाधान किए बिना ड्रोन सर्वे शुरू करना ग्रामीणों ने उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन बताया।
  3. कानूनी आधार पर प्रश्न
    ग्रामीणों ने एसईसीएल से स्पष्ट करने की मांग करी है कि सर्वे किस कानून और किस प्रक्रिया के तहत कराया जा रहा है।
  4. प्रशासन की आड़ लेने का आरोप
    ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि एक अनुषंगी कंपनी को थाना परिसर जैसे संवेदनशील स्थान से सर्वे कराने की आवश्यकता क्यों पड़ी? इसे प्रशासन की आड़ में खदान विस्तार की कोशिश बताया गया।

ग्रामीणों की प्रमुख माँगें

ग्राम सभा की अनुमति के बिना ड्रोन सर्वे पर तत्काल रोक लगाई जाए।

एसईसीएल यह स्पष्ट करे कि सर्वे किस कानूनी आधार पर कराया जा रहा है।

पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।

भविष्य में किसी भी सर्वे हेतु ग्राम सभा की अनुमति और ग्रामीणों की सहमति अनिवार्य की जाए।

ग्रामीणों की निजी भूमि, मकान और अन्य परिसंपत्तियों से छेड़छाड़ रोकने हेतु एसईसीएल पर नियंत्रण रखा जाए।

ग्रामीणों की चेतावनी

विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि उनके मुआवजा, रोजगार, पुनर्वास और नई केंद्रीय मूल्यांकन दरें लागू करने जैसी मांगों का समाधान किए बिना गांव में किसी भी प्रकार का सर्वे या नापी कार्य नहीं होने दिया जाएगा।

ग्रामीणों ने एसडीएम के नाम से थाना प्रभारी को शिकायत सौंपकर पूरे प्रकरण में ग्रामीणों को धमकाने और मनमानी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रशासन से इस गंभीर मामले में तत्काल न्यायिक हस्तक्षेप की मांग भी उठाई।