बालको कर्मचारी संघ की बैठक में नए श्रम कानूनों पर जताई गहरी चिंता, मकान खाली कराने के प्रबंधन के फैसले की कड़ी निंदा

कोरबा। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध बालको कर्मचारी संघ के कार्यालय में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बीएमएस के अखिल भारतीय मंत्री राधेश्याम जायसवाल एवं जिला मंत्री नवरतन बरेठ विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक में पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार नए श्रम कानूनों के विभिन्न प्रावधानों पर व उनके कर्मचारियों पर प्रभाव को विस्तार से समझाया। साथ ही बालको प्रबंधन द्वारा सेवानिवृत्त एवं अन्य कर्मचारियों से उनके आवास खाली कराने की कार्रवाई पर तीव्र रोष व्यक्त किया गया।

नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर कर्मचारियों के हितों की रक्षा नहीं की, तो भारतीय मजदूर संघ कठोर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

अखिल भारतीय मंत्री एवं जिला मंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं से संघ को और सशक्त बनाने तथा एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बालको कर्मचारी संघ के अध्यक्ष देवेंद्र दिवेदी ने की, जबकि संचालन महासचिव शरद नायर ने किया। बैठक में संघ के सैकड़ों कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।