महाष्टमी पर सर्वमंगला मंदिर में हवन, कन्या भोज और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ हवन अनुष्ठान, मां महागौरी की आराधना के लिए मंदिरों में लगी कतारें

कोरबा।शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर रविवार को मां महागौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। मां दुर्गा के जयकारों, वैदिक मंत्रोच्चार और घंटियों की गूंज से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठे। इस अवसर पर हवन, कन्या भोज और भंडारे सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए गए।

शहर के प्रसिद्ध मां सर्वमंगला मंदिर में महाष्टमी पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ हवन-पूर्णाहुति का अनुष्ठान संपन्न हुआ। मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पांडे ने अपने परिवार के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया। इस दौरान आचार्यों के मंत्रोच्चार और शंखनाद से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कन्या भोज और भंडारे में शामिल हुए भक्त
पूजा-अर्चना के बाद कन्या भोज का आयोजन किया गया। इसके साथ ही भोग एवं भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की कतारें लगी रहीं। आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।

महाष्टमी के अवसर पर शहर के अन्य देवी मंदिरों और पूजा समितियों की ओर से भी विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। कई स्थानों पर कन्या भोज और प्रसाद वितरण किया गया। पूरे दिन मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

शारदीय नवरात्र के तहत सोमवार को महानवमी पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इसके बाद मंगलवार को दशहरा पर्व मनाया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर रावण दहन के साथ नवरात्र उत्सव का समापन होगा।