छत्तीसगढ़ में 2000 करोड़ की नई आवास योजनाएँ शुरू: कोरबा में 370 फ्लैट निर्माण, 23 से 25 नवंबर तक लगेगा राज्य स्तरीय आवास मेला

कोरबा।छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने प्रदेशभर के नागरिकों के लिए बड़े पैमाने पर आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। मंडल ने 2000 करोड़ रुपये की नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया है, जिसके तहत राज्य के सभी जिलों में आधुनिक एवं किफायती आवासीय परियोजनाएँ शुरू की जाएँगी।

योजना की शुरुआत के तहत कोरबा जिले के खरमोरा में 370 फ्लैटों का निर्माण प्रस्तावित है, जिनमें एमआईजी, एलआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणियों के आवास शामिल होंगे। इससे जिले के मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ आवास उपलब्ध होंगे।

आम जनता को सभी आवासीय परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 23 से 25 नवंबर 2025 तक रायपुर के बी.टी.आई. ग्राउंड, शंकर नगर में राज्य स्तरीय आवास मेला आयोजित किया जा रहा है। मेले में प्रदेश भर की सभी संपत्तियों की जानकारी मिलेगी, साथ ही इच्छुक नागरिक मौके पर ही मकान बुकिंग कर सकेंगे।

मेले में होम लोन सुविधा प्रदान करने के लिए विभिन्न बैंकों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे आवास खरीदने की प्रक्रिया और अधिक आसान हो जाएगी। साथ ही मकान बुकिंग कराने वाले खरीदारों को आकर्षक उपहार भी दिए जाएंगे।

आवास मेले के लोगो का अनावरण गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव तथा आयुक्त अवनीश शरण द्वारा किया गया।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की इस पहल से प्रदेश में आवास क्षेत्र में विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है, जिससे हजारों परिवारों को अपने सपनों का घर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।