किसानों के लिए बड़ी राहत: एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन और फसल-रकबा संशोधन की तिथि 25 नवंबर तक बढ़ी

कोरबा। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए किसानों को एक और बड़ा मौका मिल गया है। प्रशासन ने किसान पंजीयन, कैरी फारवर्ड एवं फसल-रकबा संशोधन की अंतिम तिथि बढ़ाते हुए अब 25 नवंबर 2025 तक पोर्टल पर सुधार की सुविधा उपलब्ध करा दी है। इस निर्णय से उन किसानों को राहत मिलेगी जिनका पंजीयन शेष है या फसल एवं रकबा में संशोधन आवश्यक है।

प्रशासन ने बताया कि यह विस्तार विशेष रूप से शेष कृषकों, डूबान प्रभावित किसानों और वन पट्टाधारी कृषकों के लिए अत्यंत उपयोगी है, ताकि वे समय पर अपनी जानकारी अपडेट कर आगामी खरीदी प्रक्रिया का लाभ ले सकें। सभी तहसील कार्यालयों में आवश्यक तकनीकी व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है, जहां किसान जरूरत पड़ने पर अपनी प्रविष्टियों में तत्काल सुधार करवा सकेंगे।

कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे बढ़ाई गई तिथि के भीतर अपने पंजीयन एवं रकबा सुधार का कार्य अवश्य पूरा करें। उन्होंने कहा कि समय पर जानकारी अपडेट न होने पर खरीफ वर्ष 2025 की धान खरीदी प्रक्रिया में किसानों को अनावश्यक कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।

उल्लेखनीय है कि खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 हेतु डूबान और वन पट्टाधारी कृषकों के कैरी फारवर्ड तथा नवीन पंजीयन शेष होने की सूचना दी थी। इसी आधार पर प्रशासन ने किसानों के हित में एक सप्ताह का अतिरिक्त समय प्रदान किया है।

किसान पंजीयन या तकनीकी सहायता के लिए एग्रीस्टैक हेल्पडेस्क – 1800-233-1030 तथा खाद्य विभाग का टोल फ्री नंबर – 1800-233-3663 पर संपर्क किया जा सकता है।