किसानों को बड़ा तोहफा: पीएम मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी, किसानों ने लाइव देखा कार्यक्रम

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त के रूप में देश के 9 करोड़ किसानों को 18 हजार करोड़ रुपये की सम्मान राशि हस्तांतरित की। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र, कटघोरा (कोरबा) में बड़ी उत्सुकता के साथ देखा गया। कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र कोरबा तथा कृषि विकास, किसान कल्याण एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

सीधे प्रसारण के पश्चात जिला उप संचालक कृषि डी.पी.एस. कंवर ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने रबी सीजन में दलहन व तिलहन क्षेत्र विस्तार, उन्नत किस्मों के उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों के अपनाने पर किसानों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।

कृषि विज्ञान केंद्र कोरबा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. एस.पी. सिंह ने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, लाभ और वैज्ञानिक आधार पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बीजामृत, जीवामृत और घनजीवामृत की निर्माण विधि, उपयोगिता और इससे लागत में कमी व मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के लाभों के बारे में विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम नवागांव कला के कृषक गब्बर सिंह (पिता शिवचरण सिंह) को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किया गया। यह कार्ड उनके खेतों की मिट्टी की गुणवत्ता, पोषक तत्वों और आवश्यक सुधारों की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देगा।

यह आयोजन किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। प्राकृतिक खेती, सरकारी योजनाओं, फसल विविधीकरण और उन्नत तकनीकों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर किसानों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ।

कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, कृषि विज्ञान केंद्र का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।