शराब पीकर स्कूल आने और चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर प्रभारी प्राचार्य सहित 3 शिक्षक निलंबित

रायपुर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में शिक्षकों की अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई हुई है। शराब पीकर विद्यालय आने, शाला समय में अनुपस्थित रहने और विधानसभा चुनाव में बतौर बीएलओ लगी ड्यूटी की जिम्मेदारी से मुंह मोड़ने के गंभीर आरोपों में एक प्रभारी प्राचार्य (प्रधान पाठक) और दो सहायक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी बलौदाबाजार ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1) का उल्लंघन मानते हुए यह कार्रवाई की है।

निलंबित शिक्षक हैं:
उमेश कुमार वर्मा – प्रभारी प्राचार्य, शासकीय प्राथमिक शाला मोटियारीडीह (विकासखंड सिमगा)
संदीप कुमार साहू – सहायक शिक्षक (एल.बी.), शासकीय प्राथमिक शाला मोटियारीडीह (विकासखंड सिमगा)
मिथलेश कुमार वर्मा – सहायक शिक्षक (एल.बी.), शासकीय प्राथमिक शाला दर्रीपारा केसदा (विकासखंड सिमगा)
शिकायतों के अनुसार उमेश कुमार वर्मा और संदीप कुमार साहू शराब पीकर स्कूल पहुंच रहे थे और शाला समय में अक्सर गायब रहते थे। वहीं मिथलेश कुमार वर्मा को चुनाव कार्य में बीएलओ नियुक्त किया गया था, लेकिन उन्होंने ड्यूटी में घोर लापरवाही बरती और मतदान केंद्रों पर आवश्यक कार्य नहीं किया।

निलंबन आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि में तीनों शिक्षकों का मुख्यालय अलग-अलग रखा गया है। उमेश कुमार वर्मा और संदीप कुमार साहू का मुख्यालय बीईओ कार्यालय कसडोल तथा मिथलेश कुमार वर्मा का मुख्यालय बीईओ कार्यालय पलारी नियत किया गया है। निलंबन काल में इन्हें नियमानुसार केवल जीवन-निर्वाह भत्ता देय होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शिक्षण संस्थानों में अनुशासनहीनता और सरकारी दायित्वों से मुंह मोड़ने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।