तकनीकी खराबी के चलते दिल्ली-रायपुर इंडिगो फ्लाइट भुवनेश्वर डायवर्ट, इमरजेंसी लैंडिंग

रायपुर । दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की उड़ान 6E-6203 को गुरुवार सुबह गंभीर तकनीकी खराबी के कारण रायपुर में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट प्रशासन ने विमान को लैंड करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद फ्लाइट को भुवनेश्वर की ओर डायवर्ट करना पड़ा। वहां सुबह करीब 10:45 बजे विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

यह उड़ान सुबह 9:15 बजे रायपुर पहुंचने वाली थी।

तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही पायलट ने तुरंत एटीसी को अलर्ट किया। रायपुर में मौसम ठीक होने के बावजूद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई। करीब 160 यात्रियों को लेकर जा रहे इस विमान में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं।

कई उड़ानों का चेन प्रभाव
रायपुर आने के बाद इसी विमान को दोपहर में रायपुर-दिल्ली वापसी उड़ान भरनी थी।

देरी के कारण दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलुरु जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट्स का शेड्यूल पूरी तरह गड़बड़ा गया।
भुवनेश्वर में भी कई यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि इसी साल 9 सितंबर को भी रायपुर एयरपोर्ट का ILS (इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम) और नेविगेशन उपकरण अचानक फेल हो गए थे। उस दिन भी कई फ्लाइट्स को भुवनेश्वर, नागपुर और विशाखापट्टनम डायवर्ट करना पड़ा था।

इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी खराबी के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने भी मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

यात्रियों में नाराजगी को देखते हुए इंडिगो ने प्रभावित सभी यात्रियों को मुआवजा, रिफंड या अगली उपलब्ध फ्लाइट में मुफ्त सीट देने की घोषणा की है।