सरकारी ज़मीन पर अवैध फैक्ट्री: प्रशासन ने मोहनपुर-औराकछार में कार्रवाई कर सील लगाया

कोरबा। मोहनपुर और औराकछार क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से संचालित एक फैक्ट्री को जिला प्रशासन ने सील कर दिया है। जांच में तथ्य स्पष्ट होने के बाद प्रकरण न्यायालय में दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील कोरबा के ग्राम औराकछार पटवारी हल्का नंबर 03 के तहत खसरा नंबर 75/1, 75/2 एवं 81/1/क की शासकीय भूमि को विक्रेता रामानंद यादव ने गलत तरीके से क्रेता आमीर सोहेल को कब्जे में दे दिया था। जांच में यह भी सामने आया कि रामानंद यादव ने अपने कब्जे की भूमि के साथ लगी मोहनपुर की भूमि (खसरा नंबर 10, रकबा 0.510 हेक्टेयर), जो वर्तमान में जस्टिन मिंज के नाम दर्ज है, को भी पूर्व में सुम्मत कंवर नामक परिचित के माध्यम से खरीदा था।

इसके बाद लगभग 0.75 एकड़ अतिरिक्त सरकारी भूमि को भी गलत जानकारी देकर बेच दिया गया। विक्रेता और आवेदक के पिता हेमंत शर्मा ने इस सरकारी भूमि को औराकछार के खसरा नंबर 75/1, 75/2 और 81/1/क बताते हुए क्रेता को कब्जा प्रदान कर दिया।

जांच में मामले की सच्चाई सामने आने पर तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार की टीम मौके पर पहुंची और सरकारी भूमि पर निर्मित अवैध फैक्ट्री को तत्काल सीलबंद कर दिया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकरण में कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।