अडानी कोल परियोजना के विरोध में ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन; धरमजयगढ़ व रामपुर विधायक ने दिया समर्थन

धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सामहरसिंगा, पुरुंगा, तेंदुमुड़ी और कोकदार के ग्रामीणों ने अडानी कोल परियोजना का पुरजोर विरोध किया। ग्रामीण एकजुट होकर परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसमें धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया और रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया भी शामिल हुए। दोनों विधायकों ने ग्रामीणों की मांगों का खुलकर समर्थन किया और मौके पर पहुंचकर उनकी आवाज को मजबूती प्रदान की।

ग्रामीणों का कहना है कि मेसर्स अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड (अडानी पुरुंगा भूमिगत कोयला खदान) की प्रस्तावित पर्यावरणीय जनसुनवाई को ग्राम पंचायत सामहरसिंगा ने पहले ही निरस्त कर दिया है। अब पेसा कानून अधिनियम 1996 और छत्तीसगढ़ पेसा कानून 2022 के तहत ग्रामसभा के निर्णय का पूर्ण पालन किया जाना चाहिए।

परियोजना से न केवल उनकी आजीविका प्रभावित होगी, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर गहरा असर पड़ेगा तथा पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ेगा।

प्रदर्शन में ग्राम पंचायत सामहरसिंगा के सरपंच पति कार्तिक राम, पुरुंगा की सरपंच नरहरी, तेंदुमुड़ी एवं कोकदार की सरपंच धनेश्वरी राठिया सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि ग्रामसभा के फैसले का सम्मान हो और किसी भी तरह की जबरन कार्रवाई न की जाए।

धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया और रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी लड़ाई विधानसभा तक पहुंचाई जाएगी। जनहित के विपरीत किसी परियोजना को जबरन थोपा नहीं जाएगा।

ग्रामीणों का यह प्रदर्शन क्षेत्र में आदिवासी अधिकारों और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।