Women’s World Cup 2025: भारत ने जीता महिला विश्वकप, कोरबा में फैंस ने ऐसे मनाया जश्न

कोरबा, 3 नवंबर 2025: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार खिताब पर कब्जा जमाया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 298 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर ऑलआउट हो गई।

कोरबा में जीत के बाद जश्न का माहौल छा गया। लोग घरों से बाहर निकल आए और सड़कों पर समूह बनाकर उत्साह मनाया। कई परिवारों ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को बधाई दी। टीपी नगर, रविशंकर, घंटाघर और विभिन्न बस्तियों में क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी। होटल व ढाबों में मैच देखते हुए लोग खुशी से झूमते नजर आए।

सोशल मीडिया पर स्टेटस अपडेट और फोन कॉल्स से बधाइयों का दौर चला।

रवि शंकर निवासी राघव कुमार ने बताया, “रात 12 बजे के बाद दोस्तों के साथ पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। महिलाओं की इस जीत से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का उद्देश्य सार्थक हो रहा है।” कृष्णा नगर के क्रिकेट प्रेमी आकाश अकेला ने कहा, “दीप्ति शर्मा के 5 विकेट ने मैच पलट दिया। दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एल वोल्वार्ट की 101 रनों की पारी व्यर्थ गई।” यह 1973 से शुरू हुए 52 साल के महिला वनडे विश्व कप इतिहास में भारत का पहला खिताब है।

खरमोरा दादर के विजय दुबे ने बताया, “भारत ने 299 रनों का लक्ष्य रखा। दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा ने अर्धशतक जड़े, दोनों का प्रदर्शन शानदार रहा।

“बुधवारी के अतुल दास महंत ने कहा, “मध्यक्रम में विकेट गिरने और धीमी बल्लेबाजी से 300 पार नहीं हो सका, लेकिन यह फाइनल का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा।”

कोरबा के फैंस की खुशी देखते ही बनती थी, जो इस ऐतिहासिक जीत को पूरे जोश के साथ मना रहे हैं।