सिविक सेंटर की जर्जर सड़कें बनी मुसीबत,हितानंद अग्रवाल ने बालको प्रबंधन से की तत्काल सुधार की मांग

कोरबा। बालको नगर के सिविक सेंटर क्षेत्र की सड़कें लंबे समय से बदहाल होने से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल ने इस गंभीर समस्या को उठाते हुए बालको प्रबंधन से तत्काल सुधार की मांग की है।

अग्रवाल ने कहा, “सिविक सेंटर बालको नगर का हृदय स्थल है, जहां रोजाना सैकड़ों लोग खरीददारी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आते हैं। लेकिन मुख्य सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।”

उन्होंने विशेष रूप से सेक्टर 3 दुर्गा पंडाल से सिविक सेंटर तक के कच्चे मार्ग की ओर ध्यान दिलाया, जिसका उपयोग सेक्टर 1, 2 और 3 के निवासी करते हैं। यह मार्ग बारिश में कीचड़ से भर जाता है, जिससे लोगों को चलना मुश्किल हो जाता है।

हितानंद अग्रवाल ने बालको प्रबंधन से अपील की है कि सिविक सेंटर की मुख्य सड़क का पुनर्निर्माण और सेक्टर 3 से सिविक सेंटर तक के कच्चे मार्ग को पक्का करने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि नगरवासियों को लंबे समय से चली आ रही इस असुविधा से मुक्ति मिल सके।