गेवरा ने एसईसीएल की अंतर क्षेत्रीय कैरम स्पर्धा पर जमाया कब्जा, ओमप्रकाश-मकसूद की जोड़ी बनी चैंपियन

कोरबा। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की अंतर क्षेत्रीय कैरम प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य समापन भटगांव क्षेत्र में हुआ। इसमें गेवरा क्षेत्र की कैरम टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन कर लगातार दूसरी बार चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

ओपन डबल्स वर्ग में गेवरा के ओमप्रकाश और शेख मकसूद की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए पहला स्थान हासिल किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर एसईसीएल चयन समिति ने दोनों खिलाड़ियों को इंटर कंपनी (कोल इंडिया) टीम के लिए चुन लिया है।

गेवरा के खिलाड़ी मकसूद ने उत्साह जताते हुए कहा, “लगातार दूसरी जीत से टीम का मनोबल दोगुना हो गया है। कोल इंडिया स्तर पर भी हम बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद रखते हैं।”

प्रतियोगिता में एसईसीएल के सभी 13 क्षेत्रों की टीमें शामिल हुईं। गेवरा कैरम टीम की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक एके त्यागी और ट्रेड यूनियन नेताओं ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी।