मालगाड़ी इंजन पर पथराव कर लोको पायलट को घायल करने वाला शराबी आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। बालको रेलवे लाइन पर चलती मालगाड़ी के इंजन पर पथराव कर लोको पायलट को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में रेलवे आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण प्रधान (27 वर्ष), पिता प्रेम कुमार प्रधान, निवासी वार्ड नंबर ढोड़ीपारा, कोरबा के रूप में हुई है। उसे रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

घटना बीते रविवार देर रात की है। बालको प्लांट से कोयला लोड कर कोरबा स्टेशन की ओर लौट रही मालगाड़ी डेंगूरनाला पुल से सीएसईबी चौक के बीच पहुंची थी।

इसी दौरान नशे में धुत आरोपी अरुण प्रधान ने इंजन पर पत्थर फेंक दिया। पथराव से इंजन की खिड़की का शीशा चकनाचूर हो गया और उसका टुकड़ा लोको पायलट ओ.पी. आदिले के सिर पर जा लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।

साहस दिखाते हुए असिस्टेंट लोको पायलट सुनील कुमार ने किसी तरह ट्रेन को नियंत्रित रखा और उसे सुरक्षित कोरबा स्टेशन तक पहुंचाया। स्टेशन पहुंचते ही दोनों पायलटों ने स्टेशन मास्टर को घटना की लिखित सूचना दी। शुरुआत में पुलिस को जानकारी नहीं दी गई थी, लेकिन बाद में रेलवे साइड इंचार्ज ने बालको थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे आरपीएफ ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी अरुण प्रधान को चंद घंटों में दबोच लिया गया। आरपीएफ थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि आरोपी आदतन शराबी है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि शराब के नशे में उसने पथराव किया और फिर मौके से फरार हो गया था।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बालको रेलवे लाइन पर मालगाड़ियों पर पथराव की यह कोई पहली घटना नहीं है।

पहले भी कई बार ऐसी वारदातें हो चुकी हैं, जिनमें कार्रवाई की गई है। इस बार रेलवे ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी को तुरंत पकड़कर कानूनी शिकंजे में कस दिया है। रेलवे ने रेल पथ के आसपास गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।