कोरबा। जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।
करतला थाना क्षेत्र के नोनबिर्रा डेम के पास पुलिस ने दबिश देकर चार युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 998 नशीली टैबलेट बरामद हुई हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा को मुखबिर से सूचना मिली कि नोनबिर्रा डेम जाने वाले कच्चे रास्ते पर हीरो ग्रे कलर की मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 12 BR 0660) में सवार कुछ युवक नशीली टैबलेट बेच रहे हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल उर्फ बॉबी (20 वर्ष, निवासी नोनबिर्रा), राजू चौहान (38 वर्ष, निवासी सिलयारीभांठा), इकबाल अली (38 वर्ष, निवासी ग्राम गिरारी) और सिराज खान (22 वर्ष, निवासी नोनबिर्रा) शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 998 नशीली टैबलेट जब्त की हैं।
पुलिस का कहना है कि यह गैंग लंबे समय से क्षेत्र में नशीली दवाओं की सप्लाई कर रहा था। आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी जांचा जा रहा है। अब पुलिस दवाओं की स्रोत, सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों का पता लगा रही है। इस कार्रवाई से जिले के अन्य नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि नशीले पदार्थों के कारोबार पर सख्त निगरानी जारी रहेगी। ड्रग विभाग से भी मामले की गहन जांच की अपेक्षा की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी कोरबा पुलिस ने कई नशे के सौदागरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















