बेमेतरा जिले में रविवार देर रात एक रईसजादे की तेज रफ्तार कार ने भयानक कहर बरपाया। भीड़भाड़ वाली सड़क पर बेकाबू होकर कार ने एक के बाद एक पांच वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के पांच मरीजों को रायपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी चालक ने हादसे के बाद मौके से फरार होने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक के बिजनेसमैन पिता के घर पर धावा बोल दिया और वहां तोड़फोड़ मचाई। घर के सामान के साथ-साथ आरोपी के वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया।
मृतकों के परिजनों ने देर रात शव को शहर के सिग्नल चौक पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया।
घटना के विरोध में सोमवार को बेमेतरा बंद का आह्वान किया गया है, जबकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी बल तैनात कर दिया। बेमेतरा एसएसपी रामकृष्ण साहू ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच शुरू हो चुकी है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर आगे से रोक लग सके। यह हादसा सड़क सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















