तेज रफ्तार एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी, चालक बाल-बाल बचा

पेंड्रा थाना क्षेत्र के बारीमराव गांव के पास रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। रायपुर के मेकाहारा अस्पताल से कोटमी गांव शव छोड़कर लौट रही एक एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तालाब में जा गिरी। हादसे में चालक मुजाहिद्दीन बाल-बाल बच गया, जबकि एम्बुलेंस पूरी तरह तालाब में डूब गई।

जानकारी के मुताबिक, कोटमी गांव की एक महिला का रायपुर में इलाज के दौरान निधन हो गया था। शव को एम्बुलेंस से गांव लाया गया, जहां से उसे अंतिम संस्कार के लिए उत्तर प्रदेश ले जाने के लिए दूसरे वाहन में शिफ्ट किया गया। शव परिजनों को सौंपने के बाद एम्बुलेंस रायपुर लौट रही थी। रास्ते में बारीमराव गांव के पास एक मोड़ पर चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिससे एम्बुलेंस तालाब में जा गिरी।

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर रायपुर निवासी चालक मुजाहिद्दीन को सुरक्षित बाहर निकाला। पेंड्रा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और वाहन को तालाब से निकालने की व्यवस्था की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय मोड़ का अंदाजा न लग पाने के कारण यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि चालक समय रहते बाहर निकल गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।