कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा की मेयर संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रतिभाएं समाज की धरोहर हैं, जो अपने कौशल से परिवार और समाज का नाम रोशन करती हैं। इनका संरक्षण और मार्गदर्शन करना समाज की जिम्मेदारी है, जिसे निरंतर निभाना चाहिए। वे जलाराम मंदिर परिसर के सभाकक्ष में मेढ़ क्षेत्रीय स्वर्णकार समाज द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान और दीपावली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थीं।
कार्यक्रम में मेयर ने समाज के प्रयासों की सराहना की और शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दीपांशु सोनी सहित 12 से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कोरबा में विभिन्न समाजों की गतिविधियों के लिए नगर निगम द्वारा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि सभी का ध्यान रखा जा सके।
मेढ़ स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष कन्हैयालाल सोनी ने कहा कि दीपावली मिलन और प्रतिभा सम्मान का विशेष महत्व है। समाज का लक्ष्य सकारात्मक दिशा में प्रगति करना और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहित करना है।
महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष तारा देवी सोनी ने महिला सशक्तिकरण और सामाजिक स्तर पर कोरबा में हो रहे प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक विकृतियों को दूर कर अच्छाइयों को बढ़ावा देना हर समाज का कर्तव्य है।
आयोजन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से स्वर्णकार समाज के लोग और मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने सामाजिक एकजुटता और प्रतिभा प्रोत्साहन के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















