जलाराम जयंती पर शोभायात्रा स्थगित,अन्य सभी कार्यक्रम यथावत

कोरबा। श्री जलाराम सेवा समिति द्वारा कोरबा के जलाराम मंदिर में संत श्री जलाराम बापा की जयंती 28 अक्टूबर को भक्ति-भाव के साथ मनाई जाएगी। इस वर्ष समाज में दो परिवारों में आकस्मिक शोक के कारण जलाराम बापा की शोभायात्रा स्थगित कर दी गई है, लेकिन अन्य सभी कार्यक्रम यथावत जलाराम मंदिर में संपन्न होंगे।

समिति के किशोर भाई पटेल ने बताया कि 28 अक्टूबर, मंगलवार को सुबह ब्रह्म मुहूर्त में मंदिर में विराजित श्री विग्रहों का वस्त्र परिवर्तन होगा, जिसके दाता नंदलाल भाई जेठवा परिवार होंगे।

सुबह 9:30 बजे जलाराम बापा का अभिषेक पूजन और अखंड दीप प्रागट्य का आयोजन किया जाएगा। शाम 5:00 बजे संयुक्त सभा में वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा और दाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। इसके बाद शाम 6:30 बजे दैनिक पूजा-आरती के पश्चात जलाराम बापा की महाआरती होगी।

रात्रि 7:30 बजे से महाप्रसाद भंडारा आयोजित होगा, जिसके दाता पीयूष भाई और नितिन भाई राठौड़ (पीयूष सीट मेकर्स) होंगे।

किशोर भाई पटेल ने समाज के सभी सदस्यों से सपरिवार इस आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा भले ही स्थगित हो, लेकिन मंदिर में होने वाले सभी कार्यक्रम भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न होंगे।