सांड का आतंक: 12 साल के स्कूली छात्र पर हमला,सर्जरी की नौबत

आवारा मवेशियों का आतंक बढ़ा प्रशासन से कार्रवाई की मांग

कोरबा।कोरबा नगर निगम के वार्ड नंबर 14, अमरैया पारा में एक भयावह घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। 12 वर्षीय अक्षय कुमार श्रीवास, वीनस पब्लिक स्कूल में कक्षा 7वीं का होनहार छात्र, ट्यूशन के लिए घर से निकला था, तभी एक आवारा सांड ने उस पर हमला कर दिया। सांड ने अपने सींग से अक्षय को उठाकर स्कूली बैग समेत जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

छात्र की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और सांड को भगाकर अक्षय की जान बचाई। लेकिन तब तक उसके पेट के नीचे गहरी चोट लग चुकी थी। परिजन गुड्डू श्रीवास ने बताया कि अक्षय को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी सर्जरी की तैयारी शुरू कर दी है। “अक्षय पढ़ाई में बहुत तेज है, लेकिन अब उसकी हालत गंभीर बनी हुई है,” परिजनों ने दुखी मन से कहा।

घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। वार्ड 14 के पूर्व पार्षद और वर्तमान पार्षद पति टीकम राठौर ने बताया कि उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को सूचित कर दिया है। उन्होंने कहा, “आवारा सांडों और मवेशियों का आतंक पूरे शहर में बढ़ता जा रहा है। है बाजार सहित कई इलाकों में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें मौतें भी हुई हैं।

नगर निगम को काउ कैचर अभियान को और प्रभावी करना होगा और मवेशियों को गोकुल नगर के कांजी हाउस में रखना होगा।” राठौर ने इस मुद्दे पर पत्राचार करने की बात भी कही।

नगर निगम के काउ कैचर अभियान के बावजूद सड़कों पर आवारा मवेशियों की संख्या बढ़ रही है।

शनिवार शाम को घंटाघर के पास हेलीपैड पर दो सांडों की लड़ाई का वीडियो वायरल हुआ, जो इस समस्या की गंभीरता को उजागर करता है।

स्थानीय लोग प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें।