कोरबा: गेवरा परियोजना में रेलवे साइडिंग हादसा, लोडर ऑपरेटर की ट्रेन से टकराने से मौत

कोरबा। जिले की एसईसीएल गेवरा परियोजना में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में निजी कंपनी एम/एस एसीबी के एक लोडर ऑपरेटर की जान चली गई।

घटना सुबह करीब 9 बजे रेलवे साइडिंग क्षेत्र में हुई, जहां ऑपरेटर कोयला लोडिंग के दौरान लोडर को पीछे करते समय रेलवे ट्रैक के अत्यधिक करीब पहुंच गया। अचानक मालगाड़ी के चल पड़ने से लोडर उससे टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोडर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही गेवरा प्रबंधन, सुरक्षा दल और पुलिस मौके पर पहुंचे। ऑपरेटर को निकालने के प्रयास किए गए, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

हादसे के बाद सहकर्मियों ने रेल साइडिंग क्षेत्र में अपर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और अस्पष्ट संकेत प्रणाली पर सवाल उठाए, साथ ही सतर्कता बढ़ाने की मांग की। प्रबंधन ने हादसे की जांच के आदेश जारी किए हैं और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने का वादा किया है।