दुर्गम वनांचल में विधायक फूल सिंह राठिया का दौरा, 5 किमी पैदल चलकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूल सिंह राठिया ने एक बार फिर अपने समर्पण और जनसेवा की भावना से ग्रामीणों का दिल जीत लिया। उन्होंने पसरखेत रेंज के अंतर्गत आने वाले दुर्गम ग्राम मदनपुर और कोलगा के कटंगनाला का दौरा किया। घने जंगलों और पहाड़ी पगडंडियों के बीच 5 किलोमीटर पैदल चलकर वे ग्रामीणों तक पहुंचे और उनकी समस्याओं को करीब से सुना। 

कटंगनाला तक पहुंचने का रास्ता बेहद दुर्गम है, जहां यातायात की कोई सुविधा नहीं है। इसके बावजूद विधायक राठिया ने हिम्मत नहीं हारी और ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी परेशानियों को समझा।

ग्रामीणों ने बताया कि बांध निर्माण से 200 किसानों की 1600 एकड़ भूमि को सिंचाई सुविधा मिल सकती है, जिससे वर्षा आधारित खेती पर उनकी निर्भरता कम होगी और आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। 

विधायक राठिया ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बांध निर्माण के लिए प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “वनांचल क्षेत्रों का विकास मेरी प्राथमिकता है। यहां के लोगों को सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए।” 

उन्होंने आगे कहा कि कठिन रास्ते जनसेवा के सामने बाधा नहीं बन सकते। उनके इस दौरे से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि चुनाव के बाद शायद ही कोई जनप्रतिनिधि इस दुर्गम क्षेत्र में पहुंचा हो। 

विधायक फूल सिंह राठिया की यह पहल न केवल उनकी कार्यशैली को दर्शाती है, बल्कि वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई उम्मीद भी जगाती है। ग्रामीणों को विश्वास है कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में सड़क, सिंचाई और अन्य सुविधाओं का विकास जल्द होगा।