आंवला स्वाद के साथ सेहत के लिए भी बेहद उपयोगी माना जाता है। इसे सीधे खाने के अलावा इससे कई स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए जा सकते हैं। इन्हीं में शामिल है आंवले की खट्टी-मीठी लौंजी, जिसका चटपटा और मीठा स्वाद खाने का जायका बढ़ा देता है। खासतौर पर गरमा-गरम पराठे के साथ इसका स्वाद बेहद लाजवाब लगता है। इसे बनाना भी आसान है और तैयार लौंजी को साफ कांच के जार में भरकर फ्रिज में रखा जा सकता है।
लौंजी बनाने के लिए सामग्री
आंवला – 250 ग्राम
सरसों का तेल – 2 बड़े चम्मच
मेथी दाना – 1 छोटी चम्मच
सौंफ – 1 छोटी चम्मच
हींग – 1 चुटकी
अदरक – 1 बड़ा चम्मच, कद्दूकस किया हुआ
हल्दी पाउडर – 1 छोटी चम्मच
धनिया पाउडर – 1 छोटी चम्मच
सौंफ पाउडर – 3 छोटी चम्मच
जीरा पाउडर – ½ छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटी चम्मच
गरम मसाला – ½ छोटी चम्मच
नमक – 1 छोटी चम्मच
काला नमक – ½ छोटी चम्मच
गुड़ – 150 ग्राम
पहले आंवले को उबालें
सबसे पहले आंवले को पानी से अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। एक भगोने में करीब 3 गिलास पानी डालकर गर्म करें। पानी गर्म होने पर इसमें आंवले डाल दें और करीब 20 मिनट तक उबालें। जब आंवले नरम हो जाएं और उनकी कलियां आसानी से अलग होने लगें तो गैस बंद कर दें।
उबले हुए आंवले को छानकर ठंडे पानी में डाल दें। इसके बाद आंवले की कलियां अलग कर लें और उनके बीज निकाल दें।
मसालों के साथ तैयार करें लौंजी
अब एक पैन में 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर इसमें मेथी दाना और सौंफ डालकर हल्का भूनें। इसके बाद हींग और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें।
अब इसमें आंवले की कलियां डालकर हल्का भूनें। इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर, सौंफ पाउडर, जीरा पाउडर, लाल मिर्च, गरम मसाला, सामान्य नमक और काला नमक डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें।
गुड़ डालकर दें खट्टी-मीठी मिठास
मसाले अच्छी तरह मिल जाने के बाद इसमें 150 ग्राम गुड़ डालें और धीमी आंच पर पकाएं। गुड़ पिघलने लगे तो आंच और धीमी कर दें। बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि मिश्रण पैन में चिपके नहीं।
जब गुड़ और मसाले आंवले के साथ अच्छी तरह मिल जाएं और मिश्रण गाढ़ा होकर लौंजी जैसी consistency में आ जाए तो गैस बंद कर दें।
लौंजी को पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद इसे साफ और सूखे कांच के जार में भरकर फ्रिज में रख दें।
पराठे के साथ उठाएं स्वाद का आनंद
खट्टी-मीठी आंवले की लौंजी पराठे, पूरी या भोजन के साथ परोसी जा सकती है। आंवले का खट्टापन, गुड़ की मिठास और मसालों का चटपटा स्वाद इसे बेहद स्वादिष्ट बनाता है।
नोट: लंबे समय तक रखने के लिए जार साफ और पूरी तरह सूखा होना चाहिए तथा लौंजी निकालते समय हमेशा सूखा, साफ चम्मच इस्तेमाल करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















