मानिकपुर में टमाटर व्यापारी के घर चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश चोर

कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के गायत्री नगर बस्ती में टमाटर व्यापारी शंभू टंडन के घर चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चोरों ने व्यापारी के आंगन में रखे टमाटर के एक कैरेट, गाड़ी से पेट्रोल और थैली में रखे लगभग 800 रुपये नकद चुरा लिए। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दो चोर नजर आए। एक चोर नकाबपोश था, जबकि दूसरा बिना चेहरा ढके बेखौफ होकर चोरी करता दिखा।

गायत्री नगर निवासी शंभू टंडन शहर के आसपास के बाजारों में सब्जी का व्यापार करते हैं। उन्होंने मंडी से टमाटर के कैरेट खरीदकर अपने घर पर रखे थे। सुबह कैरेट की गिनती करने पर एक कैरेट कम पाया गया। साथ ही गाड़ी से पेट्रोल और 800 रुपये नकद भी गायब मिले। टमाटर की मौजूदा कीमत 40 से 50 रुपये प्रति किलो होने के कारण एक कैरेट की कीमत करीब 800 रुपये बताई गई है।

शंभू टंडन ने घटना की शिकायत मानिकपुर चौकी पुलिस में दर्ज कराई है। उन्होंने मांग की है कि चोरों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए, अन्यथा वे और भी वारदातों को अंजाम दे सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से चोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि उनके हौसले पस्त हो सकें और क्षेत्र में चोरी की घटनाएं रुकें।

मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।