कोरबा: पुलिस स्मृति दिवस शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, परिजनों का किया गया सम्मान

कोरबा। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा में आज “पुलिस स्मृति दिवस” के अवसर पर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीद पुलिस जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, कलेक्टर अजीत बंसल, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत सहित जिले के गणमान्य नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पमालाएं अर्पित कर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम में कोरबा जिले के 12 शहीद जवानों के बलिदान को स्मरण किया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने शहीदों के नाम पढ़कर सलामी दी, वहीं परेड दल ने “शोक शस्त्र” और मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

पुलिस स्मृति दिवस देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को समर्पित है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश सिंह ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक विमल पाठक, सीएसपी भूषण एक्का, हेडक्वार्टर डीएसपी प्रतिभा मरकाम, एसडीओपी पंकज ठाकुर, रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैकरा, पुलिस कर्मी, शहीद परिजन, मीडिया प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल रहे।