कोरबा। सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि शासकीय बिसाहूदास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा की स्थापना पिछले कुछ वर्षों में एक बड़ी उपलब्धि है। मेडिकल कॉलेज में गायनिक, मेडिसीन, सर्जरी और एनेस्थिसिया जैसे चार विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों को मंजूरी मिली है, जिससे चिकित्सा छात्रों को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
सांसद ने बताया कि सामूहिक प्रयासों से मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण और अन्य आवश्यक अधोसंरचना के लिए फंड आवंटित किया गया है, और निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। प्रबंधन की सक्रियता से छात्रों के अनुसंधान के लिए पार्थिव शरीर भी उपलब्ध हो रहे हैं। कोरबा मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे जिले की जरूरतों को ध्यान में रखकर स्वीकृत किया गया।वर्तमान में कोरबा का पुराना 100 बेड वाला अस्पताल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध होकर संचालित हो रहा है। यहां विशेषज्ञों और स्टाफ की पर्याप्त नियुक्ति से कोरबा सहित आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
सांसद ने इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए पूर्व स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन सिंह, वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सहारे के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से मेडिकल कॉलेज की व्यापकता और प्रभावशीलता लगातार बढ़ रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















