25.98 करोड़ से संवरेंगी बालको-रिस्दी और रूमगरा की सड़कें, डीएमएफ से होगा निर्माण

कोरबा। कोरबा जिले के बालको-रिस्दी और रूमगरा क्षेत्र की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन 25.98 करोड़ रुपये खर्च करेगा। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के तहत इस राशि की व्यवस्था की गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में राहत मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी ने बताया कि रिस्दी चौक से बालको तक 9 किमी लंबी सड़क का निर्माण बजट वर्ष 2024-25 और 2025-26 के तहत किया जाएगा। मेजर ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक और रिस्दी चौक तक 5.74 किमी सड़क के लिए 2598.47 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति 17 मई को और तकनीकी स्वीकृति 9 सितंबर को मिल चुकी है।

छत्तीसगढ़ शासन ने 6 जून को कार्य की अनुमति दी थी।

वर्तमान में निविदा प्रक्रिया चल रही है और कार्यादेश मिलते ही निर्माण शुरू होगा। सड़क निर्माण में जलजमाव और पानी निकासी की समस्या के समाधान के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। साथ ही, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी होगी। यह सड़क बालको प्लांट से भारी वाहनों के आवागमन के कारण क्षतिग्रस्त होती रही है।

नई सीसी 2-लेन सड़क बनने से यातायात सुगम होगा और जंक्शन सुधार के साथ जल निकासी की समस्या भी हल हो जाएगी। बालको प्रबंधन ने 10 अक्टूबर 2025 से इस मार्ग की मरम्मत शुरू कर दी है।

इस परियोजना से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का भी समाधान होगा।