रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की कोशिश जारी: जीएम तरुण प्रकाश ने लिया कोरबा स्टेशन व साइडिंग का जायजा

कोरबा। साउथ ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बुधवार को कोरबा रेलवे स्टेशन पहुंचकर अमृत भारत परियोजना के तहत करोड़ों की लागत से चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अन्य अधिकारियों के साथ विशेष सलून से कोरबा आगमन के बाद स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म शेड की लंबाई बढ़ाने सहित यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद विभिन्न कोल साइडिंग का भी अवलोकन किया।

पिछले दिनों अचानक टली विजिट के कारण स्थानीय प्रबंधन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं, और अब जीएम के दोबारा आगमन पर राहत मिली। पत्रकारों से बातचीत में जीएम ने कहा कि कोरबा में यात्री सुविधाओं के विस्तार पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। जिन यात्री गाड़ियों के संचालन को लेकर शिकायतें हैं, उन्हें दूर करने के लिए व्यवहारिक व तकनीकी कारणों के बावजूद आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि विभिन्न गाड़ियों के मामलों में शिकायतें अधिक हैं, लेकिन इन्हें निराकृत करने और यात्रियों को राहत प्रदान करने के प्रयास जारी हैं। जोन के अंतर्गत सभी स्टेशनों पर सुविधाओं के लिए प्रबंध किए जा रहे हैं।

इसी दौरान कोरबा रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने जीएम से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। समिति ने कोरबा से राउरकेला, खाटूश्याम, दिल्ली और उत्तर भारत की ओर सीधी ट्रेनें चलाने की लंबे समय से चली आ रही मांग दोहराई। उन्होंने बताया कि इसके लिए प्रस्ताव दिए गए हैं और कई आश्वासनों के बावजूद कोई परिणाम नहीं निकला। जीएम से त्वरित कार्यवाही की अपील की गई।