कचरा डंपिंग पॉइंट्स का कायाकल्प: नगर निगम ने बदली सूरत, सौंदर्यीकरण पर जोर

कोरबा।कोरबा नगर निगम ने शहर के सातों जोन में फैले कचरा डंपिंग पॉइंट्स को सौंदर्यीकरण के जरिए नया रूप दे दिया है। पहले कचरे से भरे इन स्थानों पर अब हरियाली और सुंदरता नजर आ रही है। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने विभिन्न स्थलों का दौरा कर सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी स्थान को दोबारा डंपिंग पॉइंट बनने से रोका जाए।

डोर-टू-डोर संग्रहण के बावजूद चुनौती
नगर निगम ने वार्डों और बस्तियों में डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण की प्रभावी व्यवस्था लागू की है। स्वच्छता दीदियां प्रतिदिन घरों और दुकानों से कचरा इकट्ठा कर रही हैं। इसके बावजूद कुछ लोग सड़क किनारे खाली जगहों पर कचरा फेंक देते थे, जिससे ये स्थान डंपिंग पॉइंट बन गए थे। निगम ने इन स्थानों की सफाई, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण कर इन्हें नया रूप दिया है। इस पहल से लोगों में जागरूकता बढ़ी है और वे अब कचरा प्रबंधन में सहयोग कर रहे हैं।

सौंदर्यीकरण से बदला नजारा
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि कचरा डंपिंग वाली जगहों को न केवल साफ किया गया, बल्कि इनका सौंदर्यीकरण कर आकर्षक बनाया गया है। इन स्थानों पर हरियाली और सजावटी तत्व जोड़े गए हैं, जिससे शहर की सुंदरता बढ़ी है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ऐसी स्थिति दोबारा न बने और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।


दौरे के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूआ, जोन कमिश्नर अखिलेश शुक्ला, प्रकाश चंद्रा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी, सहायक अभियंता लीलाधर पटेल, सोमनाथ डेहरे, अश्वनी दास, धवल शर्मा, सचीन्द्र थवाईत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना की है और मांग की है कि नियमित निगरानी से इस व्यवस्था को बनाए रखा जाए।