मनरेगा घोटाला: मजदूरों की मजदूरी दूसरों के खाते में, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

कोरबा।पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत धतूरा में मनरेगा योजना के तहत मजदूरी भुगतान में अनियमितता का गंभीर मामला उजागर हुआ है। कई हितग्राहियों ने आरोप लगाया कि उनकी मेहनत की कमाई दूसरों के खातों में डाल दी गई, जिसके चलते असली मजदूरों को भुगतान से वंचित रहना पड़ा।

ग्रामीणों ने इस मामले को जनपद पंचायत पाली के सीईओ के समक्ष उठाया और मनरेगा मेट अमरनाथ कौशिक तथा वार्ड क्रमांक 6 के पंच अमरनाथ कौशिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

शिकायतकर्ताओं, जिनमें शंकर लाल जांगड़े, काशीराम कौशिक, मनोज श्रीवास, कृष्णानंद कौशिक, सुदेश कुमार खूंटे, ध्रुव लाल राठौर, फूलबाई राठौर, चैतराम केंवट और कला बाई केंवट शामिल हैं, ने बताया कि पिछले दो से तीन महीनों से उनकी मजदूरी की राशि गलत खातों में हस्तांतरित हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में चल रही इस भ्रष्ट प्रथा से वे त्रस्त हैं और दोषियों को तत्काल हटाने की मांग कर रहे हैं। जनपद पंचायत सीईओ ने शिकायत की जांच का भरोसा दिलाया है।