आगजनी से निपटने की तैयारी, पुलिस और सीआईएसएफ ने किया फायर सेफ्टी मॉकड्रिल

कोरबा। जिला पुलिस बल, कोरबा और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने संयुक्त रूप से पुलिस लाइन कोरबा में फायर एंड सेफ्टी मॉकड्रिल का आयोजन किया।

इस अभ्यास का उद्देश्य आगजनी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, समन्वित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना था।

मॉकड्रिल में जिला पुलिस और सीआईएसएफ के अधिकारियों व जवानों ने हिस्सा लिया। इस दौरान आगजनी और आपदा परिदृश्यों से निपटने के लिए समन्वय, बचाव और सुरक्षा कार्यों का अभ्यास किया गया। आयोजन को सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित किया गया, जिसमें दोनों बलों के बीच उत्कृष्ट तालमेल और तैयारी देखने को मिली।

जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में इस अभ्यास को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। उन्होंने बलों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की संयुक्त ड्रिल न केवल सुरक्षा बलों की क्षमता को बढ़ाती है, बल्कि आम नागरिकों में भी आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करती है।