कोरबा-बांकीमोंगरा, 23 सितंबर। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के कटाईनार से घुड़देवा तक मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की खराबी से रात का अंधेरा लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
स्थानीय पार्षद अशवनी मिश्रा ने इस समस्या पर गहरी नाराजगी जताते हुए नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ज्योत्सना टोप्पो से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने सीएमओ को पत्र लिखकर सुझाव दिया कि वे स्वयं रात्रि में इस क्षेत्र का निरीक्षण करें ताकि स्थानीय लोगों की परेशानियों को बेहतर ढंग से समझा जा सके।
पार्षद मिश्रा ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्ट्रीट लाइट की मरम्मत या रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। रात के समय मार्ग पर अंधेरा छाए रहने से आवाजाही में कठिनाई हो रही है, जिससे स्थानीय निवासियों को दैनिक जीवन में असुविधा के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी जोखिम भी उठाना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
पार्षद ने अपने पत्र में सीएमओ से अनुरोध किया कि वे रात के समय मार्ग का दौरा करें ताकि अंधेरे के कारण उत्पन्न होने वाली चुनौतियों का प्रत्यक्ष अनुभव हो सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कदम न केवल समस्या की गंभीरता को उजागर करेगा, बल्कि त्वरित समाधान की दिशा में भी प्रभावी होगा।
स्थानीय लोगों ने भी पार्षद के इस प्रयास का समर्थन किया है और मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करे।
यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है,और निवासियों को उम्मीद है कि प्रशासन इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा ताकि रात के समय सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















