रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित नागरिक आपूर्ति निगम (नान) घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्य सचिव और रिटायर्ड IAS अधिकारी आलोक शुक्ला तथा पूर्व IAS अनिल टुटेजा को गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर कोर्ट ने दोनों को 16 अक्टूबर तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया है। जल्द ही ईडी की टीम दोनों को दिल्ली ले जाएगी।
इस मामले में दोनों अधिकारियों को हाईकोर्ट से मिली अग्रिम जमानत को सुप्रीम कोर्ट की डबल बेंच (जस्टिस सुंदरेश और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा) ने खारिज कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, दोनों को पहले दो सप्ताह ईडी की हिरासत में रहना होगा, इसके बाद दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत होगी। इसके पश्चात ही उन्हें जमानत मिल सकेगी।
कोर्ट ने यह भी उल्लेख किया कि आरोपियों ने 2015 में दर्ज नान घोटाला मामले और ईडी की जांच को प्रभावित करने की कोशिश की थी।
18 सितंबर को ईडी ने डॉ. आलोक शुक्ला के भिलाई स्थित तालपुरी आवास पर छापेमारी की थी। उसी दिन शुक्ला ने ईडी की विशेष अदालत में सरेंडर करने की कोशिश की, लेकिन सुप्रीम कोर्ट का आदेश अपलोड न होने के कारण कोर्ट ने सरेंडर स्वीकार नहीं किया। अगले दिन, 19 सितंबर को उनके सरेंडर आवेदन पर सुनवाई 22 सितंबर तक टाल दी गई थी।
ईडी की यह कार्रवाई नान घोटाला मामले में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, और अब सभी की निगाहें इस मामले में आगे की कार्यवाही पर टिकी हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

