मेजबान एकलव्य का केबीएल-2 में दबदबा: पावर इंजीनियर्स, एवरग्रीन चैंप और टीम वुल्फ ने जीता खिताब

पूर्व कलेक्टर एवं छग पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष आरएस विश्वकर्मा ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को किया सम्मानित

कोरबा। एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के तत्वावधान में आयोजित कोरबा बैडमिंटन लीग (केबीएल-2) का दूसरा सीजन रविवार को धमाकेदार फाइनल मुकाबलों के साथ समाप्त हो गया। मेजबान एकलव्य क्लब की टीमें लगभग हर आयु वर्ग में अपना दबदबा कायम रखने में सफल रहीं, जबकि पावर इंजीनियर्स, एवरग्रीन चैंप और टीम वुल्फ जैसी मजबूत दावेदारों ने भी विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया।

पुरस्कार वितरण समारोह में कोरबा के पूर्व कलेक्टर एवं छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष आरएस विश्वकर्मा (आईएएस) ने मुख्य अतिथि के रूप में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

यह ओपन टू ऑल कॉर्पोरेट बैडमिंटन टूर्नामेंट तीन दिनों तक चला, जिसमें 30 से अधिक टीमों और 300 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक चले रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी रही।

फाइनल राउंड में विभिन्न आयु वर्गों के परिणाम इस प्रकार रहे:
65+ वर्ष आयु वर्ग: एवरग्रीन चैंप (विजेता), गोल्डन वॉरियर्स (उपविजेता)
55-65 वर्ष आयु वर्ग: एकलव्य लीजेंड्स (विजेता), द्रोणाचार्य फाइटर्स (उपविजेता)
45-55 वर्ष आयु वर्ग: एकलव्य नेट निंजा (विजेता), एकलव्य ऐस स्क्वार्ड (उपविजेता)
35-45 वर्ष आयु वर्ग: पावर इंजीनियर्स (लगातार दूसरी बार विजेता), विंग्स हसदेव वॉरियर्स (उपविजेता)
25-35 वर्ष आयु वर्ग: टीम वुल्फ (विजेता), एकलव्य एवेंजर्स (उपविजेता)

पुरस्कार समारोह के विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पांडेय (आईएएस) ने भी विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए।

समारोह में सभी खिलाड़ियों और आयोजकों ने खेल भावना की सराहना की।

केबीएल-2 को सफल बनाने में कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन (केडीबीए) के अध्यक्ष अशोक शर्मा, एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल, सचिव मनीष गुप्ता, कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स, इवेंट मैनेजर अन्नू थॉमस, अमित बनर्जी तथा मीडिया प्रभारी विकास पांडेय समेत पूरी टीम का अहम योगदान रहा।

आयोजकों का मानना है कि यह लीग न केवल खिलाड़ियों को मंच प्रदान करती है, बल्कि स्थानीय स्तर पर बैडमिंटन को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अगले सीजन के लिए उत्साह पहले से ही जोर पकड़ चुका है।