कोरबा में 22 से 30 सितंबर तक नौ दिवसीय श्रीरामकथा, जगतगुरु रामभद्राचार्य जी करेंगे मानस मंदिर का लोकार्पण

कोरबा। परम सौभाग्य और हर्ष का विषय है कि पूज्य जगतगुरु रामभद्राचार्य जी महाराज का आगमन 21 सितंबर को कोरबा में हुआ। वे चित्रकूट से यहां पहुंचे, जहां भवानी मंदिर परिसर में गुरुजी का भव्य स्वागत एवं आरती की गई।

भवानी मंदिर प्रांगण में नव निर्मित भव्य मानस मंदिर, जिसमें माता कौशल्या की गोद में बाल रूप में प्रभु श्रीराम विराजमान हैं, का प्राण-प्रतिष्ठा एवं लोकार्पण समारोह 22 सितंबर से 30 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

22 सितंबर को सुबह मां सर्वमंगला मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद 11 बजे कार व बाइक रैली निकाली जाएगी। यह रैली पावरहाउस रोड, टीपीनगर चौक, सीएसईबी चौक व कोहड़िया मार्ग होते हुए भवानी मंदिर पहुंचेगी। इसके उपरांत दोपहर 3 बजे से सायं 7 बजे तक दिव्य रामकथा का शुभारंभ होगा।

नौ दिवसीय रामकथा के अंतर्गत प्रतिदिन अलग-अलग प्रसंगों का वाचन होगा। 22 सितंबर को रामकथा की महिमा, 23 को भगवान शिव विवाह प्रसंग, 24 को श्रीराम जन्मोत्सव, 25 को बाललीला, 26 को राम-सीता विवाह, 27 को राम-केवट प्रसंग, 28 को भरत-मिलाप, 29 को शबरी प्रसंग तथा 30 सितंबर को श्रीराम राज्याभिषेक के साथ कथा का समापन होगा।

जगतगुरु रामभद्राचार्य जी बचपन से दृष्टिहीन होने के बावजूद अपने ज्ञान, साधना और दिव्य ज्योति से धर्मग्रंथों का गहन अध्ययन कर चुके हैं तथा कई ग्रंथों की रचना भी की है। रामजन्मभूमि पर सर्वोच्च न्यायालय में प्रस्तुत उनके प्रमाणिक ग्रंथों ने सभी को प्रभावित किया था।