15वें वित्त आयोग के अंकेक्षण में लापरवाही, दो पंचायत सचिव निलंबित

बिलासपुर। बिलासपुर जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल ने 15वें वित्त आयोग की राशि के ऑनलाइन अंकेक्षण में लापरवाही बरतने के आरोप में दो पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया है। निलंबित सचिवों में ग्राम पंचायत उपका के सचिव राजेश विश्वकर्मा और ग्राम पंचायत चिल्हाटी के सचिव भागबली राय शामिल हैं।

वित्तीय वर्ष 2023-24 में 15वें वित्त आयोग से प्राप्त राशि का शत-प्रतिशत ऑनलाइन अंकेक्षण कराने के लिए शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए थे। आरोप है कि दोनों सचिवों ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया और अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती।

निलंबन के साथ-साथ राजेश विश्वकर्मा की जगह ग्राम दवनपुर के सचिव केशव यादव को ग्राम पंचायत उपका का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, भागबली राय की जगह ग्राम पंचायत कोकड़ी के सचिव राकेश गांगीले को ग्राम पंचायत चिल्हाटी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

निलंबन आदेश में राजेश विश्वकर्मा का मुख्यालय जनपद पंचायत कोटा और भागबली राय का मुख्यालय जनपद पंचायत मस्तूरी निर्धारित किया गया है।