कोरबा।ऊर्जा नगरी के नाम से मशहूर कोरबा में बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। बिना हवा और बारिश के भी बार-बार बिजली कटौती और लाइन ट्रिपिंग की समस्या आम हो गई है। खासकर पाड़ीमार जोन के इंडस्ट्रियल एरिया सब-स्टेशन से जुड़े क्षेत्रों में यह समस्या गंभीर रूप ले चुकी है।
33/11 केवी का यह सब-स्टेशन शहर के सबसे पुराने बिजली सब-स्टेशनों में से एक है, जो गोकुलनगर, इंडस्ट्रियल एरिया, बालको फीडर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जेल कॉलोनी, रिसदी, डूमरडीह और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति करता है। लेकिन हाल के दिनों में लाइन फाल्ट और ट्रिपिंग के कारण इन क्षेत्रों में बिजली कटौती की समस्या बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली किसी भी समय बंद हो जाती है और घंटों तक बंद रहने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा।
खरमोरा सब-स्टेशन के बाद भी नहीं मिली राहत
पहले इंडस्ट्रियल एरिया सब-स्टेशन से भैसमा, करतला और आसपास के गांवों में भी बिजली आपूर्ति की जाती थी, जिससे इस पर अत्यधिक लोड रहता था। खरमोरा में 132 केवीए और 33/11 केवी सब-स्टेशन के चालू होने से इन गांवों की बिजली आपूर्ति वहां से होने लगी, जिससे इंडस्ट्रियल एरिया सब-स्टेशन पर लोड कम होने की उम्मीद थी। बावजूद इसके, इस सब-स्टेशन से जुड़े क्षेत्रों में बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या जस की तस बनी हुई है।
शहरवासियों की शिकायत: बिजली व्यवस्था भगवान भरोसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली आपूर्ति का कोई निश्चित समय नहीं है। कभी मेंटेनेंस के नाम पर तो कभी लाइन फाल्ट के कारण असमय बिजली गुल हो जाती है। शहरवासियों का कहना है कि बिजली व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे चल रही है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन और बिजली विभाग से ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















