सिटी बस संचालन की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन

कोरबा।कोरबा में सिटी बसों के संचालन में देरी के कारण आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर स्थानीय प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है। शुक्रवार को कोरबा सांसद प्रतिनिधि सुनील जैन ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिलाधीश अजीत वसंत और कमिश्नर आशुतोष पांडेय को सौंपा गया, जिसमें सिटी बसों के शीघ्र संचालन की मांग की गई।

सुनील जैन ने बताया कि सिटी बसों का संचालन बंद होने से शहरवासियों,खासकर दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में भारी असुविधा हो रही है। उन्होंने कहा कि सिटी बसें शहर के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने का एक किफायती और सुगम साधन हैं, जिनके अभाव में लोगों को निजी वाहनों या महंगे परिवहन साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

ज्ञापन में प्रशासन से इस समस्या का त्वरित समाधान करने और सिटी बसों का नियमित संचालन शुरू करने की अपील की गई है। इस मुद्दे पर स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है।