कुसमुंडा खदान में हेवी ब्लास्टिंग का वीडियो वायरल: ग्रामीणों के घरों में दरारें, आक्रोशित लोगों ने अधिकारियों को घेरा

कोरबा।कोरबा जिले में एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में की गई हेवी ब्लास्टिंग का लाइव वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ब्लास्टिंग के धमाकों से जटराज, सोनपुरी, पाली, पडनिया समेत आसपास के कई गांव और बस्तियां प्रभावित हुई हैं। जटराज गांव में एक ग्रामीण के घर में तो दरारें तक पड़ गईं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

घटना सुबह करीब 8:15 बजे हुई, जब खदान में ब्लास्टिंग की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि यह समय नियमानुसार नहीं था, क्योंकि ब्लास्टिंग का निर्धारित समय दोपहर 2 बजे होता है। इसके अलावा, ब्लास्टिंग से पहले 3 किलोमीटर के दायरे को खाली कराने का नियम है, लेकिन ऐसा कोई इंतजाम नहीं किया गया। इससे ग्रामीणों की जान को खतरा हो गया।

वीडियो वायरल होते ही आक्रोशित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विभागीय अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने ब्लास्टिंग के समय और सुरक्षा उपायों की अनदेखी पर सख्त नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।

एसईसीएल प्रबंधन ने घटना की जांच शुरू कर दी है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि बिना ठोस कार्रवाई के वे चुप नहीं रहेंगे। इस घटना ने खदान क्षेत्र में सुरक्षा मानकों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।