छत्तीसगढ़ में 6 नए फिजियोथेरेपी कॉलेजों को मंजूरी, 83 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत

रायपुर।छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने सोमवार को 6 नए सरकारी फिजियोथेरेपी कॉलेजों की स्थापना के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की। ये कॉलेज मनेंद्रगढ़, जशपुर, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग और जगदलपुर में बनाए जाएंगे। प्रत्येक कॉलेज की अनुमानित लागत 13 करोड़ 93 लाख 71 हजार रुपये है, और कुल 83 करोड़ 62 लाख 26 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

वर्तमान में प्रदेश में केवल रायपुर में एकमात्र सरकारी फिजियोथेरेपी कॉलेज संचालित है, जबकि 10 सरकारी मेडिकल कॉलेज कार्यरत हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि प्रत्येक मेडिकल कॉलेज वाले स्थान पर फिजियोथेरेपी कॉलेज होना चाहिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा सके।

युवाओं के लिए नए अवसर

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि इन नए कॉलेजों से प्रदेश के युवाओं को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे। फिजियोथेरेपी की बढ़ती मांग को देखते हुए यह निर्णय महत्वपूर्ण है। आजकल हड्डी रोगों के अलावा न्यूरो सर्जरी, लकवा, और प्रसूति (ऑब्स एंड गायनी) जैसे मामलों में फिजियोथेरेपी की आवश्यकता बढ़ रही है। बीपीटी और एमपीटी डिग्रीधारी फिजियोथेरेपिस्ट की मांग भी तेजी से बढ़ रही है।

फिजियोथेरेपी सेवाओं का विस्तार

यह कदम न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में भी सहायक होगा। इन कॉलेजों के बनने से प्रदेश में फिजियोथेरेपी सेवाओं का दायरा व्यापक होगा, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज और देखभाल मिल सकेगी।