बांगो डेम मार्ग की बदहाली: ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

पोड़ी उपरोड़ा। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-130) से बांगो डेम को जोडऩे वाला पहुंच मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। टूटी-फूटी सडक़ और जगह-जगह पानी से भरे गड्ढों ने क्षेत्रवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बांगो, एतमानगर, लालपुर और पाथा ग्राम पंचायतों के लोग इस मार्ग का रोजाना उपयोग करते हैं, लेकिन सडक़ की खराब स्थिति उनके लिए बड़ी समस्या बन चुकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात में हालात और बदतर हो जाते हैं। गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और मरीजों को अस्पताल ले जाना भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। स्थानीय लोगों ने कई बार लोक निर्माण विभाग को इसकी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

15 सितंबर को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने इस मार्ग का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मरम्मत की मांग की। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने भी कहा कि अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सडक़ पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।