कोरबा। जिले में निरंतर बारिश के कारण उत्पन्न बाढ़ के खतरे को देखते हुए कलेक्टरअजीत वसंत ने सभी एसडीएम स्वास्थ्य,विद्युत और अन्य विभागों के अधिकारियों- कर्मचारियों को सतर्क रहने और सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
हसदेव नदी और बांध के आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ की संभावना को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को अपनी चल-अचल संपत्तियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की सूचना प्रसारित की गई है।
कार्यपालन अभियंता, मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्र. 3 माचाडोली ने हसदेव नदी और बांध के किनारे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थित खनिज खदानों, औद्योगिक इकाइयों और अन्य संस्थानों से अपनी संपत्तियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने का आग्रह किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ से होने वाली किसी भी क्षति के लिए जल संसाधन विभाग उत्तरदायी नहीं होगा।
बाढ़ की चेतावनी के लिए बांगो,चर्रा,पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना,लेपरा टुनियाकछार,पाथा गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कल्मीपारा, सिलयारीपारा, जुनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमाड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेल गांव, झाबू, नवांगांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा, सिरकीकला जैसे संभावित प्रभावित गांवों में मुनादी कराने का निर्देश दिया गया है।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ बाढ़ की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने और त्वरित कार्रवाई करने के लिए कहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















