रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में हुए दिल दहलाने वाले तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला और पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन में की गई त्वरित कार्रवाई में यह सामने आया कि हत्याकांड का कारण चरित्र शंका था। इस जघन्य अपराध को मृतक बुधराम सिदार के पड़ोसी लकेश्वर पटेल ने एक नाबालिग के साथ मिलकर अंजाम दिया।
हत्या की वजह और साजिश
पुलिस पूछताछ में लकेश्वर पटेल ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह बुधराम सिदार और उसके परिवार को चरित्र शंका की नजर से देखता था, जिसके चलते उसने इस हत्याकांड की साजिश रची। इस साजिश में उसने एक नाबालिग को भी शामिल किया। दोनों ने मिलकर ठुसेकेला गांव में बुधराम सिदार और उनके परिवार की निर्मम हत्या कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लकेश्वर पटेल और नाबालिग दोनों को हिरासत में ले लिया है। हत्या में इस्तेमाल किए गए औजार भी मौके से बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है ताकि मामले के अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके।
यह तिहरा हत्याकांड खरसिया के ठुसेकेला गांव में हुआ, जहां बुधराम सिदार और उनके परिवार के सदस्यों के शव उनके घर में पाए गए थे। घटना के बाद से पुलिस ने गहन जांच शुरू की और सबूत जुटाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस त्वरित खुलासे ने न केवल पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद दी है, बल्कि जनता में पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति विश्वास भी बढ़ाया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
